X बायो बदलने के बाद अटकलें तेज, आधिकारिक पुष्टि नहीं
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनके प्रोफाइल बायो में बदलाव के बाद उनके बीजेपी छोड़ने की अटकलें लगाई जाने लगीं।
दरअसल, शहजाद पूनावाला के नए X बायो में अब बीजेपी का उल्लेख नहीं है। उन्होंने अपने परिचय में लिखा है— “धर्म इस्लाम, संस्कृति हिंदू, विचारधारा भारतीय” तथा “PM Narendra Modi का Lifelong Follower”। बायो से बीजेपी का नाम हटने के बाद सोशल मीडिया पर उनके पार्टी से इस्तीफा देने की चर्चाएं शुरू हो गईं।
हालांकि, अब तक शहजाद पूनावाला की ओर से बीजेपी से इस्तीफा देने संबंधी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल उनके पार्टी छोड़ने की खबरों की पुष्टि नहीं हुई है।
शहजाद पूनावाला बीजेपी के प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में गिने जाते हैं। वे टीवी डिबेट और सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं तथा कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर अपने तीखे राजनीतिक हमलों के लिए भी जाने जाते हैं।
बायो में बदलाव के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें जरूर लगाई जा रही हैं, लेकिन जब तक शहजाद पूनावाला या बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आता, तब तक उनके पार्टी छोड़ने की खबरों को पुष्ट नहीं माना जा सकता।







