अम्बेडकरनगर: ठेका हटाने की उठी मांग
मूसइयतपुर में ठेके के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
अम्बेडकरनगर। बेवाना थाना क्षेत्र के मूसइयतपुर गांव के निकट संचालित शराब की दुकान के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और शराब की दुकान को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के समीप शराब की दुकान संचालित होने से महिलाओं, स्कूली बच्चों और राहगीरों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि दुकान पर दिनभर शराब पीने वालों की भीड़ लगी रहती है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि “जहां बच्चों की किताबें खुलनी चाहिए थीं, वहां शराब की बोतलों के ढक्कन खुल रहे हैं।” उनका आरोप है कि आबादी के निकट शराब की दुकान होने से गांव का वातावरण खराब हो रहा है और बच्चों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को देखते हुए शराब की दुकान को शीघ्र किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उनका कहना है कि गांव की शांति, सुरक्षा और सामाजिक वातावरण बनाए रखने के लिए ठेके को हटाना आवश्यक है।







