पुलिस विभाग में शोक की लहर
चंदौली। जनपद पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल शिवसागर राम (57) का गुरुवार देर रात मुंबई के एक निजी अस्पताल में कैंसर से लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही चंदौली पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
वर्ष 1991 बैच के हेड कांस्टेबल शिवसागर राम मूल रूप से जौनपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र के छतारी गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनकी तैनाती चंदौली न्यायालय सुरक्षा में थी। करीब छह माह पूर्व उनका तबादला मुगलसराय कोतवाली में हुआ था।
लंबे समय से कैंसर से पीड़ित शिवसागर राम का मुंबई में उपचार चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। इससे पहले कोरोना महामारी के दौरान उनकी पत्नी का भी निधन हो चुका था। परिवार में उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
उनके निधन पर पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।







