लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) ने शुक्रवार को पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालयों पर शिक्षकों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, तदर्थ शिक्षकों का विनियमन कर तदर्थ व्यवस्था समाप्त करना तथा पुरानी पेंशन के दायरे में आने वाले शिक्षकों के जीपीएफ खातों में एनपीएस की जमा धनराशि ब्याज सहित स्थानांतरित करना शामिल है।
शिक्षक नेताओं का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे शिक्षकों में असंतोष है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षकों के हितों से जुड़े सभी लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान विभिन्न जिलों में शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। प्रदर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया।
फिलहाल, सरकार की ओर से इस प्रदर्शन और मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







