Mohammad Amir on Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनियाभर के क्रिकेटर उनकी बल्लेबाजी के कायल हैं। अब पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भी कोहली की जमकर तारीफ की है। आमिर ने विराट कोहली को मौजूदा दौर का सबसे शानदार बल्लेबाज बताते हुए कहा कि उनके स्तर का कोई दूसरा खिलाड़ी नहीं है। एक समय मैदान पर विराट कोहली और मोहम्मद आमिर के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलता था। दोनों खिलाड़ी कई बड़े मैचों में आमने-सामने आए, जहां कभी बल्लेबाज का पलड़ा भारी रहा तो कभी गेंदबाज का।
मोहम्मद आमिर ने विराट को बताया नंबर-1
मोहम्मद आमिर ने विजडन क्रिकेट से बातचीत के दौरान विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि वह इस पीढ़ी के सबसे बेहतरीन क्रिकेटर हैं। आमिर ने कहा कि कोहली की तुलना किसी और खिलाड़ी से नहीं की जा सकती और उन्हें गेंदबाजी करना आसान नहीं होता। आमिर ने कहा, “विराट कोहली दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। वह इस जेनरेशन के नंबर-1 क्रिकेटर हैं। उनकी कोई बराबरी नहीं कर सकता। उनके खिलाफ गेंदबाजी करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।” भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए कई मुकाबलों में विराट कोहली ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, साल 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में मोहम्मद आमिर ने अपनी घातक गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था।
https://x.com/ImTanujSingh/status/2083194125533512131?s=20
पाकिस्तान क्रिकेट से दूरी के बाद इंग्लैंड में रह रहे हैं आमिर
मोहम्मद आमिर और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच लंबे समय तक विवाद चलता रहा। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड में रहने का फैसला किया। अब वह इंग्लैंड से क्रिकेट खेल रहे हैं और भविष्य में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी नजर आ सकते हैं। इंग्लैंड की नागरिकता मिलने के बाद आमिर का नाम आईपीएल ऑक्शन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मौजूदा समय में उनके प्रदर्शन को देखते हुए किसी फ्रेंचाइजी द्वारा उन पर बड़ा दांव लगाना आसान नहीं होगा। आमिर को एक बार फिर अपनी पुरानी लय हासिल करने के लिए इंग्लैंड में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।







