भागने के दौरान घायल; तीन नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए
उन्नाव (बीघापुर)। बारा सगवर थाना क्षेत्र के मनीखेड़ा गांव में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। मामले में शामिल तीन नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मनीखेड़ा निवासी आशीष (30), पुत्र राम कुमार पर आरोप है कि वह लंबे समय से पड़ोस के तीन नाबालिग बच्चों से चोरी का सामान खरीद रहा था। आरोप है कि तीनों नाबालिग जगतखेड़ा गांव निवासी सचिन (पुत्र रमेश) के बंद पड़े घर से धीरे-धीरे पंपिंग सेट, सरसों और अन्य सामान चोरी कर आशीष को बेचते थे।
चोरी की सूचना मिलने पर बारा सगवर थाना पुलिस ने दबिश देकर आशीष को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान तीनों नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत के दौरान आशीष पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास करने लगा। पीछा करने पर वह खेत में लगे कंटीले लोहे के तारों में उलझकर गिर पड़ा, जिससे घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराकर प्राथमिक उपचार कराया।
उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, चोरी की घटना में शामिल तीनों नाबालिगों को नियमानुसार बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेज दिया गया है।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।







