वाराणसी। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना के 24 घंटे के भीतर चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह सफलता सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शनि विश्वकर्मा उर्फ शनि नाथ विश्वकर्मा (24 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे अहिल्याबाई मोहल्ला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 29 जुलाई की सुबह केशरी गली से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
बरामद बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







