जेल प्रशासन में मचा हड़कंप
गोरखपुर। गोरखपुर जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में निरुद्ध एक बंदी शुक्रवार सुबह जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बांसगांव क्षेत्र के सरसोपार गांव निवासी विपिन पुत्र हरिशंकर को 18 जुलाई को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में न्यायिक अभिरक्षा के तहत गोरखपुर जिला कारागार भेजा गया था।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे जेलकर्मी 49 बंदियों को जेल परिसर से सटी नई बाउंड्री वॉल के पास स्थित बगिया में कार्य कराने के लिए ले गए थे। इसी दौरान आरोपी विपिन कथित रूप से मौके का फायदा उठाकर जेल परिसर में स्थित एक पेड़ पर चढ़ा और दीवार फांदकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका था।
मामले में ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षक निजामुद्दीन से पूछताछ की जा रही है। जेल सूत्रों के अनुसार, 27 जुलाई को आरोपी से उसकी बहन जेल में मिलने आई थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ जिला कारागार पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की जांच कर फरार बंदी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी जेलकर्मी या अन्य कर्मचारी की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन संयुक्त रूप से फरार आरोपी की तलाश में जुटे हुए हैं।






