लखनऊ के सरोजनीनगर और बंथरा क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत रविवार को अलग-अलग स्थानों पर बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और युवतियों से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, अधिकारों और महिला अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। सरोजनीनगर पुलिस ने दरोगा खेड़ा स्थित कांशीराम कॉलोनी में कार्यक्रम आयोजित किया, जबकि बंथरा पुलिस ने राधेखेड़ा गांव में चौपाल लगाकर महिलाओं से बातचीत की।
सरोजनीनगर में डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में उप निरीक्षक यशवंत सिंह, महिला उप निरीक्षक साधना देवी और महिला आरक्षी सुनीता ने एंटी रोमियो टीम के साथ महिलाओं और बेटियों से संवाद किया। इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न जैसी परिस्थितियों से बचाव के उपाय बताए गए। महिलाओं को साइबर अपराध से सावधान रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित सहायता तंत्र का इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं को यूपी कॉप एप, महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा केंद्र और मिशन शक्ति से जुड़ी सुविधाओं के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने 1090, 112, 181, 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं बंथरा के राधेखेड़ा गांव में समाजसेवी बीना श्रीवास्तव, तारा शक्ति केंद्र की संचालिका, आशा बहू और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में सम्मेलन आयोजित किया गया।
बंथरा पुलिस की ओर से उप निरीक्षक गुलाब कली, उप निरीक्षक सुरेश कुमार, महिला कांस्टेबल मोनी यादव और हेड कांस्टेबल पंकज सिंह ने एंटी रोमियो टीम के साथ महिलाओं और युवतियों से बातचीत की। अविवाहित युवतियों और छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में मानसिक रूप से मजबूत रहने तथा जल्दबाजी में कोई निर्णय न लेने की सलाह दी गई। इस दौरान 1090, 181, 1076, 112, 1930, 101, 102 और 108 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए।





















