लखनऊ के सरोजनीनगर में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से संचालित ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत रविवार को रॉयल सिटी, औरंगाबाद में 185वां जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, सड़क-नाली, राजस्व, बिजली, सोलर लाइट, हाईमास्ट लाइट, प्रधानमंत्री आवास योजना, साइकिल, ओपन जिम, लैपटॉप और बेंच से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए। सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के माध्यम से निस्तारण के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा शिविर भी लगाया गया। श्री साईं ऑप्टिकल के सहयोग से आयोजित नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 85 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें जरूरतमंद 75 बुजुर्गों को नि:शुल्क चश्मे उपलब्ध कराने की बात कही गई। शिविर में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं को सुनने और संबंधित विभागों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए 193वें बॉयज यूथ क्लब और 133वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। बॉयज यूथ क्लब के बच्चों को क्रिकेट और वॉलीबॉल किट दी गईं, जबकि गर्ल्स यूथ क्लब की बच्चियों को कैरम, बैडमिंटन और वॉलीबॉल किट वितरित की गईं। शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेधावी विद्यार्थियों अर्पिता पांडेय, अर्पिता सिंह, आध्या कैथवास और साहिल सिंह को साइकिल भी प्रदान की गई।
विधायक टीम की ओर से बताया गया कि साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ कार्यक्रम के जरिए जनसमस्याओं की सुनवाई के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रखने की बात कही गई। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और विधायक टीम के सदस्यों ने भी भाग लिया।





















