लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला। उसका शव नटकुर पुलिया से चंद्रावल जाने वाली सड़क पर मुड़ियाताली बाबा मजार के सामने एक प्लाट के पास पेड़ के नीचे पड़ा था। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची बिजनौर पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष थी। मौके पर उसके पास एक चादर मिली थी। पुलिस के मुताबिक, उसके दाढ़ी और सिर के बाल सफेद थे और दाहिने हाथ में कलावा बंधा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक कथित तौर पर भिखारी था और पिछले कई दिनों से आसपास के क्षेत्र में घूमकर भीख मांगता था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ मृतक की पहचान कराने का भी प्रयास किया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मृतक की पहचान कराने के लिए भी पुलिस स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं।





















