लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र के कटियामऊ गांव निवासी पिंटू (25) पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी सोनी और बेटे चिंटू के साथ पीजीआई क्षेत्र के उतरठिया में रहकर मजदूरी करता था। शनिवार रात करीब आठ बजे वह बंथरा के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती अपनी साली सुमन को देखने गया था।
रविवार तड़के करीब 4:30 बजे पिंटू प्रसाद हॉस्पिटल के पास पैदल सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पिंटू को एंबुलेंस से सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





















