सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में कथित रिश्वतखोरी के मामले का बड़ा खुलासा हुआ है। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने ₹7.50 लाख की रिश्वत लेते हुए एलडीए के अवर अभियंता (जेई) दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और एक निजी व्यक्ति श्रवण कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोप है कि निर्माण कार्य न रोकने के एवज में शिकायतकर्ता से ₹15 लाख की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में रकम दो किस्तों में लेने पर सहमति बनी थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच और सर्विलांस के माध्यम से सत्यापन किया। इसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। टीम ने पहली किस्त के रूप में ₹7.50 लाख लेते समय तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया और कथित रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।







