चालक की मौत, सहयोगी घायल
सुल्तानपुर। जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि उसका सहयोगी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, संडीला (हरदोई) से आजमगढ़ जिंक लेकर जा रही पिकअप पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 178.1 किलोमीटर पर सजमपुर अंडरपास के निकट पहुंची थी। रविवार सुबह करीब 5 बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पिकअप चालक सरफुद्दीन, निवासी गजपतिपुर, थाना महोली, जनपद सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि खलासी सलमान अली, निवासी सहायतनगर, थाना मिश्रिख, जनपद सीतापुर भी घायल हो गया।
सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और अखण्डनगर पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर भेजा। वहां डॉ. विवेक वर्मा ने सरफुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सलमान अली का प्राथमिक उपचार किया गया।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।







