5 हजार पुलिसकर्मी तैनात, सीपी मोहित अग्रवाल ने किया रूट निरीक्षण
वाराणसी। सावन के पहले सोमवार को बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कांवड़ियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं पर उनकी राय भी जानी।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सावन माह के दौरान काशी में करीब 5,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वर्दीधारी पुलिस के साथ-साथ सिविल ड्रेस और कांवड़ियों के वेश में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
महिला श्रद्धालुओं और महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों, मंदिर परिसर और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती रहेगी।
बाहरी जनपदों से ड्यूटी पर आए पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु से किसी प्रकार की वसूली या अभद्र व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उन्हें सुगमता से दर्शन-पूजन कराने में हरसंभव सहयोग दें।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के मन में वाराणसी पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करना भी है। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसा व्यवहार करें कि श्रद्धालु अपने घर लौटने के बाद वाराणसी पुलिस की कार्यशैली की सराहना करें।







