प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पत्रकारों के इलाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों को बेहतर और प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने स्पष्ट किया कि मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त सभी पत्रकारों को बिना किसी भेदभाव के गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य संबंधी मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जानी चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले पत्रकारों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।







