डीसीएम अंडरपास में गिरी, दो की मौत
गोरखपुर। खजनी तहसील क्षेत्र में खजनी लिंक एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में डीसीएम चालक और खलासी की मौत हो गई। तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद हरनहीं अंडरपास के नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, यूपी-78 जेएन 4790 नंबर की डीसीएम फतेहपुर-कानपुर की ओर से आ रही थी। सुबह करीब 4:30 बजे हरनहीं अंडरपास के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही बांसगांव थाने की हरनहीं चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी राजेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। डीसीएम में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की उम्र लगभग 45 से 46 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, डीसीएम पर फॉर्च्यून कंपनी का माल लदा हुआ था। प्रारंभिक आशंका है कि चालक को तड़के नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
चौकी प्रभारी एसआई राजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित थाने को सूचना दे दी गई है। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। परिजनों के आने के बाद पहचान और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







