युवक घायल; इंस्टाग्राम लाइव पर धमकी देने का आरोप
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के साकेत नगर में रविवार देर रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में लंका थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना से पहले मुख्य आरोपी ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान हथियार दिखाते हुए धमकी दी थी। आरोप है कि देर रात आरोपी अपने साथियों के साथ साकेत नगर पहुंचा और युवक को अकेला पाकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, लंका थाना प्रभारी के अनुसार, अनिकेत राय के घर के बाहर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि अनिकेत राय के बचाव में पहुंचे लोगों ने रिषभ सिंह की भी पिटाई कर दी।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







