पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
बाराबंकी। सावन माह में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार को बड्डूपुर थाना क्षेत्र के सुरजना भारी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गई। हादसे में कई कांवरिए घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के शहरा गांव निवासी करीब 40 कांवरिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर बड्डूपुर थाना क्षेत्र स्थित भगौली तीर्थ से जल भरने जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सुरजना भारी मोड़ के पास पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेत में उतर गई। हादसे में ट्रॉली में सवार श्रद्धालु इधर-उधर गिर पड़े।
दुर्घटना में अभिषेक पुत्र रामनरेश, उत्तम, उमाशंकर, सचिन, अमित सहित कई कांवरिए घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही बड्डूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ प्रतीत होता है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







