डीएम-एसपी ने महाहर धाम का किया निरीक्षण
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
गाजीपुर। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गाजीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रसिद्ध महाहर धाम मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा गाजीपुर से महाहर धाम जाने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।
डीएम और एसपी ने पुलिस बल की तैनाती तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
अधिकारियों ने जनपदवासियों और श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।






