श्रावस्ती। सावन के प्रथम सोमवार पर जिले के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सिरसिया स्थित पौराणिक पांडवकालीन विभूतिनाथ महादेव मंदिर में सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी हजारों श्रद्धालु विभूतिनाथ महादेव मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
धार्मिक मान्यता है कि सावन के प्रथम सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
— मनीष श्रीवास्तव, श्रावस्ती
श्रावस्ती: सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब








