महराजगंज। महराजगंज से अजुई जाने वाले मार्ग पर एक युवक को गोली लगने की सूचना मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को सुबह करीब 10:23 बजे डायल 112 पर कॉल कर मोहम्मद सफ़ीर मिर्जा ने सूचना दी कि महराजगंज-अजुई मार्ग पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने उन्हें गोली मार दी है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत सामान्य बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट और पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपित की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
क्षेत्राधिकारी नगर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।







