भाजपा पर लगाए दोहरे मापदंड के आरोप
अयोध्या। संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब अयोध्या तक पहुंच गया है। विपक्षी नेताओं के पोस्टरों पर जूते-चप्पल चलाए जाने की घटना के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व सांसद अवधेश प्रसाद के पुत्र अजीत प्रसाद और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अवधेश प्रसाद के पोस्टर का अपमान राजनीतिक द्वेष और सामाजिक भेदभाव की भावना से किया गया।
मीडिया से बातचीत में अजीत प्रसाद ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि अन्य अवसरों पर धार्मिक प्रतीकों का उपयोग विवाद का विषय नहीं बनाया जाता, तो इस मामले में भी अलग रवैया नहीं अपनाया जाना चाहिए।
अजीत प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता के पोस्टर पर जूते-चप्पल इसलिए चलाए गए क्योंकि वह दलित समाज से आते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना से दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और इसका जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में देगी।
सपा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस घटनाक्रम के बाद अयोध्या की राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है।







