अखंडनगर, सुल्तानपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के प्राणनाथपुर बिछेड़िया गांव में मंगलवार को आबादी के पास जंगली जानवर दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेत से लौट रहे गांव निवासी सौरभ तिवारी ने दोपहर करीब एक बजे खेत के पास एक जंगली जानवर को देखा। उन्होंने उसका फोटो और वीडियो बनाकर ग्रामीणों के साथ साझा किया और जानवर को तेंदुआ बताया। इसके बाद सूचना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
तेंदुआ होने की सूचना पर जुटी भीड़
ग्रामीणों ने जंगली जानवर को तेंदुआ समझकर पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर आसपास के इलाके में जमा हो गए। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं वन विभाग की टीम से क्षेत्र प्रभारी अजय वर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी कादीपुर पंकज चौधरी और अन्य वनकर्मी भी मौके पर पहुंचे।
मौके पर नहीं मिला जंगली जानवर
पुलिस और वन विभाग की टीम के पहुंचने तक जंगली जानवर मौके से निकल चुका था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में सघन जांच-पड़ताल की। ग्रामीण भी संभावित खतरे को देखते हुए शाम करीब साढ़े छह बजे तक मौके पर मौजूद रहे।
फोटो-वीडियो और पैरों के निशानों की जांच
क्षेत्रीय वन अधिकारी पंकज चौधरी ने ग्रामीणों की ओर से दिखाए गए फोटो और वीडियो के साथ ही मौके पर मिले पैरों के निशानों का निरीक्षण किया। जांच के बाद उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया फोटो और वीडियो में दिखाई दे रहा जानवर तेंदुआ नहीं, बल्कि जंगली बिल्ली की किसी बड़ी प्रजाति का हो सकता है। मौके पर तेंदुए के स्पष्ट पैरों के निशान नहीं मिले हैं।
वन विभाग की जांच के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
पुलिस और वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मौके पर तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि जंगली जानवर दिखाई देने की खबर और सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो के चलते गांव में देर शाम तक भय और कौतूहल का माहौल बना रहा।






















