अयोध्या। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने अवध क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने आठ जिलों के जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों, कार्यक्रम समिति के सदस्यों और क्षेत्रीय मोर्चा अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के अध्ययन, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने को लेकर मंथन किया गया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची का गहन अध्ययन करने और पार्टी के वैचारिक व संभावित मतदाताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बूथ क्षेत्र में सामाजिक रूप से प्रभावशाली लोगों और सोशल मीडिया पर सक्रिय व्यक्तियों को चिह्नित करने पर जोर दिया गया। मठ-मंदिरों का विवरण जुटाने और बूथ स्तर पर बनाए गए सोशल मीडिया समूहों को अधिक सक्रिय करने की बात भी कही गई।
बैठक में बूथ के प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों की सूची तैयार करने, सोशल मीडिया प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करने तथा प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पिछले चुनावों में पार्टी को मिले मतों और चुनावी प्रदर्शन का तुलनात्मक ब्योरा तैयार करने को कहा गया, ताकि बूथवार स्थिति का आकलन किया जा सके। इसी के साथ शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर 11 सांगठनिक जिलों के चुनाव संयोजकों, सहसंयोजकों और विधानसभा संयोजकों के साथ अलग बैठक हुई। इसमें मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने पर जोर दिया गया। बैठक में नामांकन से जुड़ी तैयारियां पूरी होने और चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को सौंपे जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, अवधेश कटिहार, डॉ. विमल सिंह, राहुल राज रस्तोगी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: जेपी श्रीवास्तव, अयोध्या





















