लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर व्यापारियों को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से समाजवादी व्यापार सभा की ओर से रविवार को सरोजनीनगर स्थित निरालाज फोर सीजंस बैंक्वेट हॉल में पीडीए व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और रायबरेली से 600 से अधिक व्यापारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल मुख्य अतिथि रहे। प्रदेश मुख्य महासचिव यासिर सिद्दीकी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी विजय जायसवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता और सपा प्रदेश सचिव व पूर्व मंत्री राम लखन चौरसिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। लखनऊ जिलाध्यक्ष संजय यादव की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव शब्बीर अहमद खान ने किया। शुभारंभ महाराजा अग्रसेन, भामाशाह, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया, बाबू शिवदयाल सिंह चौरसिया और मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
सम्मेलन में मनीष जगन अग्रवाल ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी, गुमटी और खोमचा कारोबारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि सपा सरकारों ने व्यापारियों के हित में काम किया है। वहीं विजय जायसवाल ने व्यापारियों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए सुरक्षित और सुविधाजनक कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने की बात कही।
सम्मेलन में 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही व्यापारी समाज की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता समेत छह जिलों के पदाधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान रजनीश गुप्ता, आशीष गुप्ता, सतीश गुप्ता, शुभम राय, संतोष सेठिया, सचिन शर्मा सहदेव और अभिषेक गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





















