वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत बुधवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने चार और भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इसके साथ ही परियोजना के लिए चिन्हित 181 भवनों में से अब केवल दो भवन ही शेष रह गए हैं।
चौड़ीकरण परियोजना के पहले चरण में भवनों को हटाने के साथ मुआवजा वितरण की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। बुधवार को हुई कार्रवाई के बाद परियोजना के तहत चिन्हित अधिकांश भवनों को ध्वस्त किया जा चुका है। अब शेष दो भवनों पर कार्रवाई के बाद चौड़ीकरण का रास्ता पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है। दालमंडी क्षेत्र में प्रस्तावित चौड़ीकरण के तहत सड़क को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।






















