बाराबंकी। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वर्गीय मौलाना मेराज अहमद की 11वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिला पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा में उनके करीब 20 वर्षों के अध्यक्षीय कार्यकाल को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें संगठन को मजबूत करने वाला कुशल नेता बताया।
सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि मौलाना मेराज अहमद सामान्य कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक सभी को साथ लेकर चलने की कला में माहिर थे। वह कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए हर संघर्ष के लिए तैयार रहते थे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श कर संगठन की रणनीति तैयार करते थे। उनके संगठन प्रबंधन का परिणाम था कि वर्ष 2012 में जिले की सभी विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
पूर्व मंत्री राकेश वर्मा ने कहा कि मौलाना मेराज अहमद कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए हमेशा खड़े रहते थे, लेकिन संगठन हित में निर्णय लेने के मामले में वह बेहद स्पष्ट और कठोर थे। विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव ने उन्हें संघर्षशील नेता और पार्टी का मजबूत स्तंभ बताया। विधायक गौरव रावत ने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में भी मौलाना मेराज अहमद कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते रहते थे। जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके बताए रास्ते पर चलकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव हिमांशु यादव ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, राममगन रावत, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मौलाना मेराज अहमद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान और कार्यकर्ताओं के प्रति उनके समर्पण को याद किया।





















