बाराबंकी। पूर्व प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा एवं सामाजिक कार्यकर्ता पं. सिद्धार्थ अवस्थी ‘सिद्धू भैया’ ने अपने जन्मदिन को उत्सव के बजाय सेवा और सामाजिक सरोकारों के नाम समर्पित किया। शुक्रवार को उन्होंने जिला अस्पताल बाराबंकी और रामनगर में थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों के लिए रक्तदान किया। इस दौरान मरीजों को उपहार भी बांटे गए। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।
कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक बालाजी ग्रुप ऑफ स्कूल के प्रबंधक अंकुर माथुर ने कहा कि थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों को नियमित रूप से रक्त की जरूरत होती है, ऐसे में रक्तदान शिविर उनके लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। सिद्धार्थ अवस्थी ने कहा कि जन्मदिन उनके लिए केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का दिन है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ रहने पर नियमित रक्तदान करने की अपील भी की।
सिद्धार्थ अवस्थी ने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद ला सकता है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित एवं सशक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत रामनगर के चेयरमैन रामशरण पाठक, ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा, पूर्व एमएलसी हरगोबिन्द सिंह, सुरेन्द्र नाथ मिश्रा, आकाश त्रिपाठी, रोहित त्रिपाठी, अंकुर माथुर, राजकुमार सोनी समेत बड़ी संख्या में समर्थक, शुभचिंतक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने सिद्धार्थ अवस्थी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और रक्तदान एवं जनसेवा से जुड़े उनके प्रयासों की सराहना की।





















