श्रावस्ती: जिले में इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम में बदलाव के बीच खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पहुंच रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है।
इकौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को करीब 300 मरीजों के पर्चे बनाए गए। इनमें बड़ी संख्या वायरल बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की रही। वहीं, गिलौला CHC में रोजाना करीब 100 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मल्हीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां सोमवार को करीब 180 मरीज अस्पताल पहुंचे**। चिकित्सकों के मुताबिक वायरल बुखार के साथ-साथ जांच में मलेरिया, डेंगू और टायफाइड के मरीज भी सामने आ रहे हैं।
लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और उपचार की व्यवस्था की जा रही है। चिकित्सकों ने लोगों से मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतने, साफ पानी पीने और आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है। बुखार, खांसी या जुकाम के लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी जा रही है। जिले में बढ़ते वायरल संक्रमण के बीच स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की बढ़ती भीड़ आने वाले दिनों में चुनौती बन सकती है।





















