श्रावस्ती: जिले में संभावित बाढ़ और कटान की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सिसवारा घाट और दोंदरा तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को तटबंधों को मजबूत करने और कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
सिसवारा घाट के पुल एप्रोच रोड का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने सिसवारा घाट स्थित पुल की एप्रोच रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित बाढ़ के दौरान सड़क को कटान से बचाने के लिए प्रभावी और कारगर उपाय करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि बाढ़ के दौरान आवागमन प्रभावित न हो। उन्होंने कटान रोकने के लिए ड्रेजिंग के साथ जियो शीट और बम्बू क्रैट जैसी तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया। संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति के अनुसार जरूरी कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बाढ़ कार्य खंड और सेतु निगम को समन्वय के निर्देश
जिलाधिकारी ने बाढ़ कार्य खंड और सेतु निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कटानरोधी कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ से पहले सभी जरूरी कार्य समय रहते पूरे कर लिए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
दोंदरा तटबंध का भी किया निरीक्षण
इसके बाद डीएम ने भिनगा तहसील क्षेत्र में नवनिर्मित दोंदरा तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि तटबंध का गैप कार्य पूरा कर लिया गया है और एचएफएल (हाई फ्लड लेवल) स्तर तक निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। हालांकि, फ्री बोर्ड की ऊंचाई तक मिट्टी भराई का कुछ कार्य अभी शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बाढ़ से पहले तैयारियों पर प्रशासन का फोकस
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जाए और जहां भी कटान का खतरा है, वहां तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं। प्रशासन का फोकस बाढ़ से पहले तटबंधों और सड़कों को सुरक्षित करने के साथ-साथ राहत एवं बचाव की तैयारियों को मजबूत करने पर है।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव





















