लखनऊ: सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ढाबे के बाहर तख्त पर अधेड़ मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, करीब 50 वर्षीय प्रेम पिछले कुछ समय से ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में घूमता रहता था। वह कभी-कभी सरोजनीनगर के बदाली खेड़ा निवासी गोविंद सिंह के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित ढाबे पर रुककर काम भी कर लेता था। बताया गया कि बारावफात की छुट्टी के चलते पिछले दिनों ट्रांसपोर्ट नगर के अधिकांश ट्रांसपोर्ट प्रतिष्ठान बंद थे। इसी वजह से गोविंद सिंह ने भी अपना ढाबा बंद कर दिया था और घर पर थे।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे गोविंद सिंह ढाबा खोलने पहुंचे। वहां बाहर रखे तख्त पर प्रेम अचेत अवस्था में पड़ा मिला। गोविंद ने उसे उठाने और जगाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेम को लोकबंधु अस्पताल ले गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शराब पीने का आदी होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।






















