बाराबंकी: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के सोमवार को पहली बार बाराबंकी आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में अहमदपुर टोल प्लाजा और भिटरिया बाईपास पर बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
हरीश द्विवेदी का काफिला पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र पार्टी के नारों से गूंज उठा। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने से संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलेगी तथा पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूती मिलेगी। स्वागत कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर वर्मा, आकाश पांडेय, नीरज सिंह, दीपक वर्मा और भैरव प्रसाद रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।






















