Bahraich Loot News: मटेरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े ई-रिक्शा सवार एक महिला के साथ लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश महिला का सोने का मंगलसूत्र छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, लखीमपुर खीरी निवासी गंगोत्री ई-रिक्शा में बैठकर जा रही थीं। इसी दौरान नानपारा क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए।
लूट के बाद बदमाश टोल प्लाजा की तरफ भागे। बताया जा रहा है कि टोल प्लाजा के पास लगे CCTV कैमरों में बाइक सवार दोनों संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े महिला के साथ हुई लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और पीड़ित महिला से घटना की जानकारी लेकर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















