बाराबंकी। रामसनेहीघाट तहसील परिसर में नवीन निबंधक कार्यालय के गेट के पास और पीडब्ल्यूडी की सड़क सीमा में अवैध कब्जे की शिकायत सामने आई है। शुक्रवार देर शाम मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई। आरोप है कि शिकायत के बाद भी अवैध कब्जे को रोकने के बजाय जिम्मेदारी को लेकर अधिकारी एक-दूसरे पर बात टालते रहे। शिकायत के बीच अवैध कब्जेदारों ने मौके पर टीन शेड का निर्माण भी कर लिया। इससे सरकारी भूमि और सड़क सीमा पर अतिक्रमण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दे रही है। इसके बावजूद तहसील परिसर और पीडब्ल्यूडी की भूमि की सीमा में कथित रूप से कब्जा होने से प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की जानकारी जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह को मिलने पर उन्होंने एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब देखना है कि जांच के बाद सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।
फिलहाल, प्रशासन की जांच और कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौके पर हुआ निर्माण नियमों के विरुद्ध है या नहीं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।





















