श्रावस्ती के सिरसिया स्थित पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में कजरी तीज के मौके पर सुबह से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर और आसपास का इलाका ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह सवेरे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। शिवभक्त कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही अलर्ट
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी सुबह बाबा विभूतिनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और इसके बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं, सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसर और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रख रहे हैं। मंदिर परिसर में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं। कजरी तीज के मौके पर विभूतिनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा माहौल शिवमय नजर आया।
मनीष श्रीवास्तव





















