श्रावस्ती के नवीन मॉर्डन थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव में सियार के हमले से दो बुजुर्ग महिलाएं घायल हो गईं। अचानक हुए हमले के बाद गांव में हड़कंप मच गया। दोनों महिलाओं को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया है।
बताया गया कि 65 वर्षीय रीता पत्नी जगदीश बकरी चराने के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक सियार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को जानकारी हुई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, 75 वर्षीय बड़का पत्नी रामफेरन फूल तोड़ने के लिए गई थीं। इसी दौरान सियार ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों महिलाओं के घायल होने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना लेकर गए। अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है।
एक ही इलाके में दो महिलाओं पर सियार के हमले की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग खेतों और आसपास के इलाकों में जाने से भी चिंतित नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने सियार के हमलों को लेकर सुरक्षा और जरूरी कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।





















