श्रावस्ती में बढ़ रही मारपीट और आपसी विवाद की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह ने जगतजीत इंटर कॉलेज पहुंचकर शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षा, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे किसी भी तरह के विवाद से दूर रहें और छोटी-छोटी कहासुनी को हिंसा का रूप न लेने दें। उन्होंने समस्याओं का समाधान संयम और शांतिपूर्ण तरीके से करने की अपील की। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी घटना, विवाद या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन या पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
विद्यालय के शिक्षकों से भी पुलिस अधिकारियों ने बातचीत की। शिक्षकों को परिसर में सुरक्षित, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के साथ छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर आवश्यक निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने विद्यार्थियों को कानून और नियमों का पालन करने तथा आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस की ओर से कहा गया कि किसी भी विवाद का समाधान हिंसा के बजाय संवाद और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। विद्यालय परिसर में छात्रों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक इकौना समेत पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





















