श्रावस्ती के इकौना तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने तहसील पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इकौना में प्राप्त 36 शिकायतों में से पांच का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
जिलाधिकारी ने भूमि विवादों से जुड़े मामलों को लेकर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने थानाध्यक्षों को पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
जिले की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। भिनगा तहसील में कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं जमुनहा तहसील में 17 प्रार्थना पत्र आए और दो शिकायतों का मौके पर समाधान कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। इकौना में आयोजित कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह, क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक सिंह, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी समेत राजस्व और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में कुल तीनों तहसीलों में 69 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 10 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।





















