अयोध्या के इनायतनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मुकीमपुर के पास बच्चों को लेने पहुंची स्कूल वैन की चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन बच्चे को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, रिवर व्यू इंटरनेशनल स्कूल, पलिया माफी की वैन का चालक हरिमोहन पाठक बच्चों को लेने के लिए मुकीमपुर गया था। इसी दौरान अचानक दो वर्षीय आयांश वैन के नीचे आ गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्कूल वैन को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही चालक हरिमोहन पाठक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस हादसे की परिस्थितियों और चालक की लापरवाही समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, मासूम की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने स्कूल वाहनों के संचालन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





















