अयोध्या। मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र ने तहसील रुदौली के ग्राम रामशरण दासपुर में स्थलीय निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की समीक्षा की। प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित समीक्षा के दौरान उन्होंने अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री, एग्रीस्टैक समेत अन्य राजस्व कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने ग्राम के गाटा संख्या 618, 321, 131 और 377 की खतौनी का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों के अंश निर्धारण की भी जांच की। जांच के दौरान संबंधित अभिलेखों में दर्ज अंश निर्धारण सही पाया गया।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने ग्रामवासियों से राजस्व अभिलेखों या अन्य संबंधित मामलों में किसी तरह की परेशानी होने पर तत्काल क्षेत्रीय लेखपाल को जानकारी देने की अपील की। उन्होंने राजस्व अभिलेखों को अद्यतन और त्रुटिरहित रखने के साथ किसानों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रुदौली विजय कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल प्रतीक सिंह, जगदंबा यादव, ग्राम प्रधान संजय कुमार यादव सहित अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राजस्व कार्यों की प्रगति और अभिलेखों के रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही।





















