गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के चरसड़ी गांव में गुरुवार रात से लापता राजमिस्त्री परमजीत निषाद का शव शनिवार शाम तालाब से बरामद हुआ। करीब 38 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता के मुताबिक, गुरुवार रात उन्हें तालाब की ओर से बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद उन्होंने टॉर्च की रोशनी से तालाब की तरफ देखने की कोशिश की, लेकिन कुछ दिखाई नहीं दिया। उन्होंने तालाब में उतरकर परमजीत की तलाश भी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, तालाब में बड़ी मात्रा में जलकुंभी होने के कारण बचाव टीम को तलाश करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर परसपुर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी सत्येंद्र सिंह करीब 70 सफाई कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जलकुंभी हटाने का काम कराया गया।
जलकुंभी साफ होने के बाद दोबारा खोज अभियान चलाया गया और शनिवार शाम परमजीत का शव बरामद कर लिया गया। परसपुर थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि तीसरे दिन शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





















