लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार रात बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान की मेडिकल इमरजेंसी के चलते लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को रात करीब 10:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-1054 बैंकॉक से रात करीब 8:15 बजे रवाना हुई थी और इसे रात 11:10 बजे दिल्ली पहुंचना था। रास्ते में एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई। क्रू मेंबर ने तत्काल इसकी जानकारी पायलट को दी। यात्री की स्थिति को देखते हुए पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया और एटीसी से संपर्क कर लखनऊ में विमान उतारने की अनुमति मांगी।
विमान के लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही मेडिकल इमरजेंसी टीम और एंबुलेंस को तैयार रखा गया था। लैंडिंग के बाद बीमार यात्री को विमान से उतारकर एंबुलेंस के जरिए गोमतीनगर स्थित एक निजी अस्पताल भेजा गया। अचानक विमान का रूट बदलकर लखनऊ में लैंडिंग होने से कुछ देर के लिए विमान में सवार अन्य यात्रियों के बीच भी हलचल रही।
मेडिकल इमरजेंसी के चलते विमान करीब एक घंटे तक लखनऊ एयरपोर्ट पर रुका रहा और इस दौरान अन्य यात्री विमान के अंदर ही बैठे रहे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इंडिगो की उड़ान को रात करीब 12:05 बजे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। यात्री की तबीयत बिगड़ने की वजह और उसकी वर्तमान स्थिति के संबंध में तत्काल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।





















