Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के पुणे जिले से दिल को दहला देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। देहूगांव के एक फ्लैट में मामूली सी बात पर उपजा पारिवारिक क्लेश इतना खूनी मोड़ ले लेगा, किसी ने नहीं सोचा था। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा और फिर खुद भी दूसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की।
जमीन को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी आकाश रामदास बारस्कर पुणे के देहूगांव स्थित ‘ओंकार सोसायटी’ में अपनी 26 वर्षीय पत्नी शुभांगी आकाश बारस्कर के साथ पिछले चार महीनों से किराए पर रह रहा था। आकाश इलाके की एक आईटी कंपनी में नौकरी करता था। कुछ समय पहले उसने अपने पैतृक गांव में कोई जमीन खरीदी थी, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर तकरार होती रहती थी। शुभांगी इस जमीन की खरीद के पूरी तरह खिलाफ थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कलह मची रहती थी।
आधी रात को उबला गुस्सा, रेता गला
शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब साढ़े पांच बजे के आसपास दोनों के बीच इसी पुरानी बात को लेकर एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से से आगबबूला हुए आकाश ने घर में रखा कोई धारदार हथियार उठाया और पत्नी शुभांगी का गला रेतकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
खुदकुशी की कोशिश में दूसरी मंजिल से कूदा पति
पत्नी की हत्या करने के बाद जब आरोपी को अपने किए का अहसास हुआ या पकड़े जाने के डर से उसने घबराहट में खौफनाक कदम उठाया, उसने इमारत की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। इस छलांग में वह बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना की भनक लगते ही देहूरोड थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ पड़े घायल आरोपी आकाश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस इस मर्डर मिस्ट्री की हर एक एंगल से गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस खूनी संघर्ष के पीछे कोई और अंदरूनी वजह तो नहीं थी।




















