अयोध्या के तारुन थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज दुबे, बबलू और सूरज के रूप में हुई है। तीनों अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 2170 रुपये और मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस की कार्रवाई में लूट के सामान के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के पास से होम्योपैथिक दवाएं मिलने की भी बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का सहारा लिया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक नीरज दुबे के खिलाफ पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, इस घटना को लेकर तारुन थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ लूट से संबंधित मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद सामान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में जुटाए गए इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।




















