लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डायल 112 मुख्यालय में तैनात उप निरीक्षक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक तेज रफ्तार वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान कानपुर नगर के सनिगवां कोयला नगर निवासी सत्येंद्र सिंह (51) के रूप में हुई है। वह लखनऊ स्थित डायल 112 मुख्यालय में उप निरीक्षक के पद पर तैनात थे और वर्ष 1995 रैंक के दरोगा बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब सात बजे वह अपनी वैगनआर कार से कानपुर की ओर से लखनऊ आ रहे थे। इसी दौरान सरोजनीनगर के दरोगा खेड़ा के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सत्येंद्र सिंह को तत्काल सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की सूचना के बाद परिवार में भी मातम पसर गया। सत्येंद्र सिंह के परिवार में पत्नी अलका सिंह और बेटा राज हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में कार के अनियंत्रित होकर खड़े डंपर में पीछे से टकराने की बात सामने आई है।



















