लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में संयुक्त रूप से खरीदी गई जमीन को बेचकर हिस्से की रकम न देने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आलमबाग के छोटा बरहा निवासी सतीश कुमार शुक्ला की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद सरोजनीनगर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सतीश का आरोप है कि उसने विमल कुमार पांडेय और पंकज त्रिपाठी के साथ 5 दिसंबर 2015 को गहरू स्थित खसरा संख्या 600 मि. की 3758.886 वर्गमीटर जमीन संयुक्त रूप से खरीदी थी।
शिकायत के मुताबिक बाद में इस जमीन का कुछ हिस्सा लक्ष्मी देवी, अनुराधा मल्ल, निधि तिवारी, मोनिका मिश्रा, कुमार गुप्ता और नीलम त्रिपाठी को बेच दिया गया। इसकी कीमत करीब 55 लाख 76 हजार 500 रुपये बताई गई है। सतीश का दावा है कि बिक्री की रकम में उसका एक तिहाई हिस्सा करीब 19 लाख 21 हजार 666 रुपये बनता था, लेकिन उसे यह रकम नहीं दी गई। आरोप है कि खरीदारों की ओर से चेक, एनईएफटी और ऑनलाइन माध्यम से भेजी गई रकम विमल और पंकज के खातों में पहुंची।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने हिस्से की रकम मांगी तो दोनों ने कथित तौर पर टालमटोल की और दबाव बनाने के साथ जान से मारने की धमकी दी। सतीश का यह भी आरोप है कि जमीन का वास्तविक बंटवारा किए बिना उसके मूल्यवान हिस्से बेच दिए गए और बैनामों में भूमि का बंटवारा होने का उल्लेख किया गया। इसके अलावा 25 जून 2025 को सतीश ने कविता पत्नी संजय कुमार को 7759 वर्गफीट का भूखंड बेचने की बात कही है। आरोप है कि इसके बाद विमल और पंकज ने उसकी बाउंड्रीवाल तोड़ दी और खरीदार को निर्माण से रोक दिया।
सतीश के मुताबिक आरोपी उसकी बची हुई जमीन को भी बेचने का प्रयास कर रहे हैं और जमीन पर लगाया गया बोर्ड भी तोड़कर फेंक दिया गया। उन्होंने 25 फरवरी 2026 को सरोजनीनगर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर 27 मार्च को उच्चाधिकारियों को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी। पुलिस से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर अब मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस मामले में दर्ज आरोपों, दस्तावेजों तथा जमीन से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है।




















