लखनऊ के सरोजनीनगर में मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत सोमवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में सरोजनीनगर, बंथरा और बिजनौर पुलिस की टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महिलाओं को सुरक्षा उपायों, सरकारी योजनाओं और जरूरी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के लिए उपलब्ध पुलिस सेवाओं से परिचित कराना रहा।
सरोजनीनगर पुलिस टीम ने अमौसी मेट्रो स्टेशन के आसपास भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, महिला उपनिरीक्षक सुष्मिता सिंह और महिला कांस्टेबल सुनीता ने एंटी रोमियो टीम के साथ 112, 108, 1098, 1076, 1090 और 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी और यूपी कॉप एप के जरिए मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।
पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी महिलाओं और बालिकाओं को सतर्क किया। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। वहीं बंथरा पुलिस ने बनी स्थित सई नदी किनारे रेतेश्वर मंदिर परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गुलाब कली, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, महिला कांस्टेबल मोनी यादव, मीनू अग्निहोत्री और राजेश्वरी ने एंटी रोमियो टीम के साथ महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़ी जानकारी साझा की।
इसी क्रम में बिजनौर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने भी महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा सेवाओं के बारे में बताया। पुलिस ने महिलाओं से किसी भी तरह की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की। अभियान के दौरान टीमों ने महिलाओं को यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया कि जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता के लिए उपलब्ध है और शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



















