श्रावस्ती। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को श्रावस्ती में विधिक जागरूकता शिविर और प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में यह कार्यक्रम भिनगा के पाण्डेय पुरवा स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में सिविल जज (प्रवर खंड) विनीत यादव बच्चों को बालकों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 के बारे में सरल भाषा में जानकारी देंगे। बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार की पहचान, अनुचित स्पर्श की स्थिति में विश्वसनीय वयस्क को जानकारी देने और किसी भी समस्या पर निडर होकर अपनी बात रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्हें यौन शोषण और उत्पीड़न से बचाव के लिए उपलब्ध कानूनी सुरक्षा के बारे में भी बताया जाएगा।
शिविर में बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्हें अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने और अपनी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी जाएगी। इसके अलावा निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान 3.0, महिला एवं बाल अधिकार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अभिभावकों और शिक्षकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की है। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत, खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार, एएचटी के प्रधान शिक्षक लाल साहब सिंह, उपनिरीक्षक रणविजय सिंह, डिप्टी चीफ एलएडीसी जगदंबा प्रसाद त्रिपाठी, पैनल अधिवक्ता ओम नारायण मिश्र और ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों की सहभागिता प्रस्तावित है।





















