लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र की राजकमल विहार कॉलोनी में चोरों ने भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के घर को निशाना बनाकर करीब आठ लाख रुपये कीमत के गहने चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दूसरी मंजिल के कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर गहने लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने सरोजनीनगर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजकमल विहार निवासी दीपक शाह भाजपा के सरोजनीनगर दक्षिण प्रथम मंडल के उपाध्यक्ष हैं और सेनेटरी व हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। दीपक के मुताबिक उनके बड़े भाई मुकेश कुशीनगर में लेखपाल हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं, जबकि दूसरे भाई राकेश मैसूर में रेलवे में नौकरी करते हैं। दीपक की पत्नी कासगंज के सरकारी अस्पताल में कर्मचारी हैं और वह भी ज्यादातर वहीं रहती हैं। घर में दीपक और उनकी मां नीलम रहते हैं, लेकिन उनकी मां करीब एक महीने से मुजफ्फरपुर में बेटी के घर गई हुई हैं।
दीपक ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उनकी भाभी सिप्पी बच्चों के साथ राजकमल विहार स्थित घर आई थीं और दूसरी मंजिल के कमरे में रह रही थीं। शनिवार को सिप्पी बच्चों के साथ गोमतीनगर में अपनी बहन मधु के घर पूजा कार्यक्रम में चली गईं। इस दौरान घर के निचले हिस्से में दीपक अकेले सो रहे थे। रविवार सुबह दूसरी मंजिल की लाइट बंद करने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर अलमारी का लॉक टूटा था और उसमें रखे करीब आठ लाख रुपये के गहने गायब मिले।
घटना की जानकारी सिप्पी और पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान और उनके सुराग तलाश रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: सुरेंद्र यादव, सरोजनीनगर, लखनऊ





















